लोकसभा चुनाव के छठे चरण का चुनाव 25 को होगा। छठे चरण में आठ राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की 58 सीटों के लिए वोटिंग होगी। इन प्रदेशों से कुल 889 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। छठे चरण के लिए एक संसदीय क्षेत्र में चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की औसत संख्या 15 है। जिन उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है उनमें मेनका गांधी, मनोहर लाल खट्टर, महबूबा मुफ्ती, राज बब्बर, दिनेश लाल निरहुआ, धमेंद्र यादव, मनोज तिवारी समेत कई हाई-प्रोफाइल चेहरे शामिल हैं। इनके साथ ही धर्मेंद्र प्रधान, राव इंद्रजीत सिंह, कृष्णपाल गुर्जर जैसे मंत्रियों की किस्मत भी शनिवार को ईवीएम में कैद हो जाएगी।
सुल्तानपुर में मेनका गांधी की प्रतिष्ठा दांव पर
उत्तर प्रदेश की सुल्तानपुर लोकसभा सीट हॉट सीट बनी हुई है। यहां से भाजपा की तरफ से पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी चुनाव मैदान में हैं। इस चुनाव में भाजपा नेता के सामने सपा ने पूर्व विधायक रामभुआल निषाद को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं बसपा ने जिला पंचायत सदस्य उदयराज वर्मा को प्रत्याशी बनाया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा से मेनका गांधी जीती थीं। उस चुनाव में यहां 56.37% मतदान दर्ज किया गया था।
आजमगढ़ में दो बड़े चेहरों की भिड़ंत
देश की हॉट सीटों में शामिल आजमगढ़ में भी छठे चरण में मतदान है। यहां मुलायम सिंह यादव के भतीजे और पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव सपा के टिकट पर मैदान में हैं। वहीं, भाजपा ने भोजपुरी कलाकार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ पर भरोसा जताया है जो आजमगढ़ के मौजूदा सांसद भी हैं। बसपा ने मशहूद अहमद को मैदान में उतारकर मुकाबले को रोमांचक बनाने की कोशिश की है। सपा हर हाल में इस सीट पर काबिज होना चाहती है, तो भाजपा 2022 के उपचुनाव में मिली जीत को बरकरार रखने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। नाक की लड़ाई बन चुकी इस सीट पर दो बड़े चेहरों की भिड़ंत है। 2019 के चुनाव में आजमगढ़ सीट पर सपा के अखिलेश यादव जीते थे लेकिन 2022 में विधानसभा चुनाव में जीत के बाद उन्होंने सांसदी से इस्तीफा दे दिया था। 2019 में आजमगढ़ में 57.56% मतदान दर्ज किया गया था।
दिल्ली की भिड़ंत भी होगी दिलचस्प
इस लोकसभा चुनाव में कई ऐसी सीटें हैं जहां सबकी नजरें हैं। जो है राजधानी दिल्ली की उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट। वर्तमान में यहां से भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी सांसद हैं। इस बार भी भाजपा ने मनोज तिवारी को उत्तर पूर्वी दिल्ली से अपना उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने उनके सामने जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार को मैदान में उतारा है। पूर्वांचल और बिहार से आने वाले दो चर्चित चेहरों के यहां से उतरने के कारण मुकाबला दिलचस्प हो गया है। 2019 में भाजपा ने दिल्ली की सभी सात सीटों पर जीत हासिल की थी। इनमें उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट की जीत भी शामिल रही। इस चुनाव में मुकाबला था भोजपुरी कलाकार मनोज तिवारी और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बीच। नतीजे सामने आए तो उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट पर मनोज ने कांग्रेस की शीला दीक्षित को हरा दिया। 2019 में यहां 63.86% लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।
पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी आजमा रहे किस्मत
छठे चरण के चुनाव में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी किस्मत आजमा रहे हैं। हरियाणा की करनाल सीट से भाजपा ने मनोहर लाल खट्टर को उतारा है। मार्च 2024 में नायब सिंह सैनी की ताजपोशी से पहले वह हरियाणा के मुख्यमंत्री थे। अब विधायकी से इस्तीफा देकर लोकसभा की जंग में उतरे हैं। उनके सामने युवा कांग्रेस प्रदेश के अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा हैं। इसके अलावा जजपा ने देवेंद्र कादियान को मौका दिया है। बीते चुनाव में करनाल में भाजपा के संजय भाटिया ने जीत दर्ज की थी। 2019 में यहां 68.35% वोटिंग दर्ज की गई थी।
उत्तर प्रदेश में कुल 162 प्रत्याशी चुनाव मैदान में
यूपी में छठे चरण में सुल्तानपुर, श्रावस्ती, प्रतापगढ़, फूलपुर, प्रयागराज, डुमरियागंज, बस्ती, अम्बेडकरनगर, संतकबीरनगर, जौनपुर, भदोही, लालगंज, मछलीशहर और आजमगढ़ संसदीय सीट के अलावा बलरामपुर की गैसड़ी विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान होगा। यहां मतदान सुबह सात से छह बजे तक होगा। जिसमें कुल 162 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
बिहार में कुल 86 प्रत्याशी चुनाव मैदान में
बिहार में पश्चिमी चंपारण, पूर्व चंपारण, वाल्मीकिनगर, शिवहर, सिवान, वैशाली, महाराजगंज और गोपालगंज में वोटिंग है। यहां कुल 86 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
हरियाणा की सभी 10 सीटों पर एक साथ वोटिंग
छठे चरण में हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर एक साथ वोटिंग होगी। यहां 223 प्रत्याशी मुकाबले में उतरे हैं। इस चरण में हिसार, करनाल, अंबाला, सोनीपत, कुरुक्षेत्र, सिरसा, रोहतक, गुड़गांव, भिवानी-महेंद्रगढ़ और फरीदाबाद लोकसभा सीटों पर मतदान होगा।
जम्मू-कश्मीर में 20 प्रत्याशी चुनावी मैदान में
बता दें कि जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट पर तीसरे चरण में मतदान होना था। लेकिन मौसम खराब होने की वजह से मतदान को छठे चरण में कर दिया गया था। अनंतनाग में 20 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है.
झारखंड में कुल 93 प्रत्याशी आजमा रहे किस्मत
झारखंड की रांची, गिरिडीह, धनबाद और जमशेदपुर लोकसभा सीट पर छठे चरण में चुनाव होगा। यहां कुल 93 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपना भाग्य आजमाने उतरे हैं।
ओडिशा में 64 प्रत्याशी चुनावी मैदान में
ओडिशा में क्योंझार, संबलपुर, कटक, ढेंकानाल, पुरी, भुवनेश्वर लोकसभा सीटों पर वोट पड़ेगा। इन सीटों पर 64 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इस चुनाव में संबलपुर की कुचिंदा और रैराखोल विधानसभा में सुबह सात से शाम चार बजे तक वोट डाले जाएंगे। वहीं देवगढ़ विधानसभा में सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। वहीं बाकी लोकसभा सीटों पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे।
पश्चिम बंगाल में कुल 79 प्रत्याशी मैदान में
पश्चिम बंगाल में घाटल, तामलुक, कांथी, पुरुलिया, झाड़ग्राम, मेदिनीपुर, बंकुरा, बिशनुपुर लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। इन सीटों पर कुल 79 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
BSNL’s New ₹1 Plan: Unlimited Calling and 2GB Data at Unbelievable Price – Full Details Here
August 02, 2025New Ayushman Card List Released: Check Your Name Online for All States Including UP & Bihar
August 25, 2025