लोकसभा चुनाव 2024 के सातों चरण के मतदान संपन्न हो गए। इसके साथ ही 543 लोकसभा सीटों के परिणाम ईवीएम में कैद हो गए हैं। इसके साथ ही सभी दलों के साथ-साथ देश की जनता को भी नतीजों का बेसब्री से इंतजार है। लोग इसी उधेड़बुन में हैं कि क्या एक बार फिर देश में 'मोदी सरकार' आने वाली है या फिर इस बार पासा पलट जाएगा? जहां बीजेपी 400 सीटें जीतने का दावा ठोंक रही है वहीं विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' भी इस बार जीत का दावा कर रहा है। देश में अगली सरकार किसकी बनेगी, ये तो 4 जून को ही पता चल पाएगा, लेकिन उससे पहले एग्जिट पोल के रिजल्ट सामने आ गए हैं। सभी चैनलों के Exit Poll के मुताबिक फिर से मोदी सरकार आ रही है, लेकिन एनडीए 400 पार जाती नहीं दिख रही है। तो आइये जानते हैं कि क्या कहता है एग्जिट पोल-
NDA आंध्र प्रदेश में 19-22 सीटें जीत सकती है
आंध्र प्रदेश के एग्जिट पोल की बात करें तो न्यूज24-टुडेज चाणक्य के अनुसार यहां भाजपा 42 सीटें जीत सकती है। जबकि कांग्रेस यहां पर अपना खाता भी नहीं खोल पाएगी। दूसरी ओर ज्यादातर एग्जिट पोल के मुताबिक NDA आंध्र प्रदेश में 19-22 सीटें जीत सकती है। अकेले BJP की बात करें तो उसके हिस्से में 4-6 सीटें जा सकती हैं। पिछली बार बीजेपी को यहां एक भी सीट नहीं मिली थी। कांग्रेस की बात करें, तो किसी भी एग्जिट पोल में कांग्रेस को एक भी सीट मिलती नहीं दिख रही है। पिछले चुनाव में भी कांग्रेस का खाता नहीं खुला था।
कर्नाटक में NDA के खाते में 23-26 सीटें
कर्नाटक के एग्जिट पोल के अनुसार यहां BJP को बड़ा फायदा मिलता नजर आ रहा है। ज्यादातर एग्जिट पोल के मुताबिक, यहां की 28 लोकसभा सीटों में से NDA के खाते में 23 से 26 सीटें जीतने का अनुमान है। अकेले BJP को 21-24 सीटें मिल सकती हैं। BJP ने 2019 के चुनाव में 28 में से 25 सीटें जीती थीं। दूसरी तरफ INDIA अलायंस के खाते में 3-7 सीटें आने का अनुमान है। ये सारी सीटें कांग्रेस जीत सकती है। पिछली बार कांग्रेस ने 21 सीटों पर चुनाव लड़ा था और सिर्फ एक सीट हासिल की थी।
तमिलनाडु और पुडुचेरी में INDIA अलायंस को 36-39 सीटें
तमिलनाडु और पुडुचेरी की 40 लोकसभा सीटों में एनडीए गठबंधन को 1-3 सीटें मिलने का अनुमान है। जबकि INDIA अलायंस को 36-39 सीटें मिल सकती हैं। जबकि दो सीटें अन्य के खाते में जा सकती हैं। 2019 के चुनाव में BJP ने तमिलनाडु में 5 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन एक भी सीट नहीं जीत पाई थी। ऐसे में अगर 4 जून का रिजल्ट सही साबित हुआ, तो इस बार केरल के बाद तमिलनाडु में भी BJP का खाता खुलेगा। दूसरी तरफ कांग्रेस को 8-11 सीटें मिलने का अनुमान है। पिछली बार कांग्रेस 9 सीटों पर लड़ी थी, जिनमें से 8 सीटों पर जीत मिली थी।
केरल में बीजेपी का खुल सकता है खाता
बात करें केरल की तो यहां पर इस बार NDA का खाता खुलने के आसार नजर आ रहे हैं। 8 में से 5 एग्जिट पोल में NDA को 1-3 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। ये सभी सीटें BJP के खाते में जा सकती हैं। केरल में BJP आज तक कोई सीट नहीं जीत पाई है। अगर एग्जिट पोल के नतीजे सही साबित हुए, तो BJP इस बार केरल में इतिहास बनाएगी। एग्जिट पोल में INDIA अलायंस को 15 से 18 सीटें मिलने का अनुमान है। एग्जिट पोल के मुताबिक, इसमें 12-15 सीटें कांग्रेस के खाते में जा सकती हैं। पिछली बार पार्टी 16 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और 15 पर जीत हासिल की थी।
बिहार में एनडीए को 33 सीटों पर जीत का अनुमान
बिहार को लेकर अभी तक इंडिया न्यूज-डी डायनामिक्स ने 40 में से एनडीए को 33 सीटें दी हैं। वहीं इंडिया को 7 सीट जीतने का अनुमान जताया है। इंडिया टुडे एक्सिस माई इंडिया ने एनडीए को 29 से 33 सीटें दी हैं, जबकि इंडिया को 7-11 सीटें मिलने की संभावना है। जन की बात के अनुसार एनडीए को 32-37 सीटें मिलती दिख रही हैं, वहीं इंडिया गठबंधन को 3-8 सीटें मिलने का अनुमान है। रिपब्लिक भारत और मैटरिज के अनुमान के मुताबिक बिहार में एनडीए को 32 से 37 सीटें, जबकि इंडिया को 2-7 सीटें मिलने का अनुमान है।
ओडिशा में बीजेपी को 16 सीटें मिलने का अनुमान
न्यूज24-टुडेज चाणक्य के अनुसार ओडिशा में भी भाजपा 16 सीटों पर अपना कब्जा जमा सकती है। जबकि बीजद को 4 और कांग्रेस को 1 सीट से संतोष करना पड़ सकता है।
दिल्ली का एग्जिट पोल
दिल्ली के एग्जिट पोल की बात करें तो इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के अनुसार यहां पर भी बीजेपी आगे चल रही है। यहां बीजेपी 6-7 सीटों पर अपना कब्जा जमा सकती है। जबकि कांग्रेस को 0-1 सीट भी मिल जाए तो ये बड़ी बात होगी।
पंजाब का एग्जिट पोल
पंजाब के एग्जिट पोल में न्यूज24-टुडेज चाणक्य के मुताबिक भाजपा 4 सीटें जीत सकती है। साथ ही कांग्रेस को भी पंजाब में 4 सीटें मिलने का अनुमान जताया जा रहा है। वहीं आम आदमी पार्टी को 2 सीटों से संतोष करना पड़ सकता है। वहीं बात करें अन्य की तो 3 सीटें अन्य के खाते में जा सकती हैं।
BSNL’s New ₹1 Plan: Unlimited Calling and 2GB Data at Unbelievable Price – Full Details Here
August 02, 2025New Ayushman Card List Released: Check Your Name Online for All States Including UP & Bihar
August 25, 2025