रंगों के त्योहार होली का समापन हो चुका है और लोकसभा चुनावों की रणभेरी भी बज चुकी है। वहीं दूसरे चरण में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए कल से नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर दूसरे चरण में चुनाव होगा। इनमें सबसे अहम गौतमबुद्ध नगर की लोकसभा सीट भी शामिल हैं। गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर 26 अप्रैल को मतदान होगा। चुनाव आयोग के निर्देश पर जिला प्रशासन ने नामांकन की तैयारी पूरी कर ली है। 28 मार्च से शुरू हो रही नामांकन प्रक्रिया के लिए सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट में सुरक्षा के पुख्ता इंताजाम कर लिए गए हैं।
सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट में 28 मार्च से नामांकन होंगे
जहां गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर भाजपा ने डॉ. महेश शर्मा को टिकट दिया है। तो वहीं समाजवादी पार्टी ने राहुल अवाना और बसपा ने ठाकुर राजेंद्र सिंह सोलंकी को मैदान में उतारा है। दूसरे चरण में गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर होने वाले चुनाव के लिए प्रशासन ने भी कमर कस ली है और 28 अप्रैल को सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट में नामाकंन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। प्रशासन ने कलेक्ट्रेट में बैरिकेडिंग करनी शुरू कर दी गई है। गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर करीब 26 लाख मतदाता दूसरे चरण में 26 अप्रैल को वोटिंग कर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। वहीं रविवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और ज्वॉइंट पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर शिवहरी मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव से संबंधित जानकारी दी। सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट में 28 मार्च से नामांकन शुरू होंगे। आठ अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे और 4 जून को नोएडा की फूल मंडी में मतगणना होगी। नोएडा, दादरी और जेवर में कुल 1826 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
5 विधानसभा क्षेत्रों के 26.20 लाख मतदाता चुनेंगे अपना सांसद
गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट के अंर्तगत नोएडा, दादरी, जेवर, खुर्जा और सिकंदराबाद विधानसभा आती है। पांच विधानसभा क्षेत्रों के 26.20 लाख मतदाता अपना सांसद चुनेंगे। गौतमबुद्ध नगर जिले की तीन विधानसभा में मतदाताओं की संख्या 18.30 लाख है। इनमें 10,08,345 पुरुष और 8,22,519 महिलाएं हैं। थर्ड जेंडर के मतदाताओं की संख्या 102 है। इनमें नोएडा विधानसभा में मतदाताओं की संख्या 759418, दादरी विधानसभा क्षेत्र में 704502 और जेवर विधानसभा में मतदाताओं की संख्या सबसे कम 367046 हैं। गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर पिछले दस साल में 6.82 लाख मतदाता बढ़े हैं। साल 2014 में लोकसभा सीट पर कुल मतदाता 19.37 लाख थे। जो साल 2019 के चुनाव में बढ़कर 22.41 लाख पहुंच गए। करीब 3.03 लाख मतदाता बढ़े। जबकि इस बार मतदाताओं की संख्या 26.20 लाख हैं। साल 2019 चुनाव के मुकाबले इस बार 3.78 लाख मतदाता अधिक होंगे।
BSNL’s New ₹1 Plan: Unlimited Calling and 2GB Data at Unbelievable Price – Full Details Here
August 02, 2025New Ayushman Card List Released: Check Your Name Online for All States Including UP & Bihar
August 25, 2025