देश में लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण की वोटिंग 7 मई को होनी है। तीसरे चरण के तहत 12 राज्यों की 94 सीट के लिए चुनाव प्रचार रविवार शाम छह बजे थम गया। इस चरण में जिन सीटों पर चुनाव होगा उनमें गुजरात की 25, कर्नाटक की 14, महाराष्ट्र की 11, मध्य प्रदेश की नौ, छत्तीसगढ़ की सात, बिहार की पांच, असम की चार और गोवा की दो सीट के चुनाव शामिल हैं। मध्यप्रदेश की नौ सीट के लिए चुनाव के दौरान तीन बड़े दिग्गजों शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिग्विजय सिंह का राजनीतिक भविष्य तय होगा। इस दौरान 1.77 करोड़ से अधिक मतदाता नौ सीट के लिए मैदान में उतरे 127 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
मध्य प्रदेश की 9 सीटों पर होगी वोटिंग
मध्य प्रदेश की नौ सीटों में मुरैना, भिंड (एससी), ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़ और बैतूल (एसटी) निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगभग 17 वर्षों के बाद विदिशा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। जिसका वे पूर्व में कई बार लोकसभा में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। शिवराज का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार प्रताप भानु शर्मा से है। राजगढ़ सीट पर कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री 77 वर्षीय दिग्विजय सिंह का मुकाबला दो बार के भाजपा सांसद रोडमल नागर से है। भाजपा को मध्य प्रदेश की सभी 29 सीट पर अपनी जीत की उम्मीद है। गुना सीट पर यादव समुदाय के वोट चुनावी पलड़ा झुका सकते हैं और यहां सिंधिया का मुकाबला कांग्रेस के यादवेंद्र सिंह यादव से है। वर्ष 2019 में सिंधिया कांग्रेस के उम्मीदवार थे, लेकिन भाजपा के केपी यादव से सिंधिया परिवार के इस गढ़ में हार गए थे।
छत्तीसगढ़ में 7 सीटों के लिए 168 उम्मीदवार मैदान में
छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में से जिन सात सीट पर चुनाव होंगे, उनमें रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा (एससी), कोरबा, सरगुजा (एसटी) और रायगढ़ (एसटी) सीट शामिल है। इन सात सीट के लिए 168 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि पात्र मतदाताओं की संख्या 1,39,01,285 है।‘हाई-प्रोफाइल' रायपुर सीट पर भाजपा के प्रभावशाली राज्य मंत्री बृजमोहन अग्रवाल का मुकाबला कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय से होगा। कोरबा में भाजपा ने अपनी प्रभावशाली महिला नेता और पूर्व सांसद सरोज पांडे को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत की पत्नी और कांग्रेस की मौजूदा सांसद ज्योत्सना महंत के खिलाफ मैदान में उतारा है। दुर्ग सीट पर कांग्रेस ने मौजूदा भाजपा सांसद विजय बघेल के खिलाफ राजेंद्र साहू को मैदान में उतारा है। बिलासपुर सीट पर कांग्रेस ने निवर्तमान विधायक देवेन्द्र यादव को भाजपा के पूर्व विधायक तोखन साहू के खिलाफ मैदान में उतारा है। एकमात्र एससी आरक्षित सीट जांजगीर-चांपा से पूर्व राज्य मंत्री शिवकुमार डहरिया कांग्रेस के उम्मीदवार हैं, जिनका मुकाबला भाजपा की महिला नेता कमलेश जांगड़े से होगा। सरगुजा सीट पर 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर आए, भाजपा के चिंतामणि महाराज और कांग्रेस के शशि सिंह के बीच मुकाबला होगा। आदिवासी बहुल रायगढ़ सीट पर भाजपा के राधेश्याम राठिया और कांग्रेस की डॉ. मेनका देवी सिंह के बीच मुकाबला होगा, जो सारंगढ़ के पूर्व शाही परिवार से हैं।
गुजरात की गांधीनगर सीट से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मैदान में
गुजरात की 26 लोकसभा सीट में से 25 लोकसभा सीट और पांच विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भी प्रचार थम गया है। प्रस्तावकों के हस्ताक्षर में गड़बड़ी के कारण कांग्रेस के नीलेश कुंभाणी का नामांकन खारिज होने और अन्य उम्मीदवारों के नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा के मुकेश दलाल सूरत से पहले ही निर्विरोध जीत चुके हैं। गुजरात के प्रमुख उम्मीदवारों में गांधीनगर सीट से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, पोरबंदर सीट से मनसुख मांडविया और राजकोट सीट से परषोत्तम रूपाला शामिल हैं। गुजरात में कांग्रेस ने चार मौजूदा और आठ पूर्व विधायकों को मैदान में उतारा है और वह आम आदमी पार्टी (आप) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। समझौते के तहत कांग्रेस को 24 सीट (सूरत सहित) मिलीं, जबकि आप को भावनगर और भरूच दी गई हैं। आप ने मौजूदा विधायक चैतर वसावा को भरूच सीट से और उमेश मकवाना को भावनगर सीट से मैदान में उतारा है। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, गुजरात में कुल 4.97 करोड़ व्यक्ति, जिनमें 2.56 करोड़ पुरुष, 2.41 करोड़ महिलाएं और 1,534 तीसरे लिंग के लोग शामिल हैं, 50,788 मतदान केंद्रों पर मतदान कर सकेंगे।
गोवा की दो लोकसभा सीट पर 11 लाख से अधिक मतदाता
गोवा की दो लोकसभा सीट पर चुनाव के लिए 11 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पात्र हैं। उत्तरी गोवा सीट के लिए भाजपा के मौजूदा सांसद श्रीपद नाइक का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार रमाकांत खलप से है। दक्षिण गोवा सीट पर भाजपा ने कांग्रेस के विरियाटो फर्नांडीस के खिलाफ डेम्पो इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक पल्लवी डेम्पो को मैदान में उतारा है. दक्षिण गोवा लोकसभा सीट पर वर्तमान में कांग्रेस के फ्रांसिस्को सरदिन्हा का कब्जा है।
महाराष्ट्र में बारामती सहित 11 सीटों पर डाले जाएंगे वोट
महाराष्ट्र की 48 में से जिन 11 सीट पर चुनाव होगाो। उनमें बारामती सीट भी शामिल है, जहां शराद पवार की बेटी सुप्रिया सुले का मुकाबला सुनेत्रा पवार से है। सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र की रायगढ़, उस्मानाबाद, लातूर, सोलापुर, माधा, सांगली, सतारा, रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर और हटकनंगले सीट पर भी तीसरे चरण में चुनाव होगा। महाराष्ट्र के प्रमुख उम्मीदवारों में कोल्हापुर सीट से कांग्रेस के साहू छत्रपति, सतारा सीट से भाजपा के उदयनराजे भोसले और रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग सीट से केंद्रीय मंत्री नारायण राणे शामिल हैं। साहू छत्रपति शाही परिवार से हैं।
बंगाल की 4 सीटों पर 57 उम्मीदवार चुनाव मैदान में
पश्चिम बंगाल की चार लोकसभा सीट मालदा उत्तर, मालदा दक्षिण, जंगीपुर और मुर्शिदाबाद के लिए कुल 73,37,651 मतदाता 7,360 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पात्र हैं। इस चरण में चुनाव लड़ रहे 57 उम्मीदवारों में से जंगीपुर सीट के 14, मालदा उत्तर सीट के 15, मालदा दक्षिण सीट के 17 और मुर्शिदाबाद सीट के 11 उम्मीदवार शामिल हैं। मुर्शिदाबाद में माकपा के वरिष्ठ नेता मोहम्मद सलीम, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के अबू ताहिर खान और भाजपा उम्मीदवार गौरी शंकर के बीच मुख्य मुकाबला होगा। मालदा उत्तर सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने पूर्व आईपीएस अधिकारी प्रसून बनर्जी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने अनुभवी नेता मुस्ताक आलम को टिकट दिया है और भाजपा ने खगेन मुर्मू को अपना उम्मीदवार बनाया है।
कर्नाटक की 14 लोकसभा सीट और एक विधानसभा सीट पर मतदान
कर्नाटक में 14 सीट के लिए चुनाव होंगे। तीसरे चरण में कर्नाटक के प्रमुख उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी भी शामिल हैं, जो धारवाड़ सीट से लगातार पांचवीं बार लोकसभा में पहुंचने के लिए प्रयासरत हैं. इस साल फरवरी में कांग्रेस विधायक राजा वेंकटप्पा नाइक के निधन के बाद सात मई को यादगीर जिले के शोरापुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव भी होगा. कर्नाटक में मंगलवार को लोकसभा की जिन 14 सीट के लिए मतदान हो रहा है उनमें बेलगाम (बेलगावी), उत्तर कन्नड़, चिक्कोडी, बगलकोट (बगलकोट), बीदर, हावेरी, धारवाड़, कोप्पल, बेलारी (बल्लारी), रायचूर, बीजापुर (विजयपुरा), दावणगेरे और शिमोगा और गुलबर्गा (कलबुर्गी) शामिल हैं.
बिहार में पांच लोकसभा सीट पर चुनाव होगा
बिहार में पांच लोकसभा सीट पर चुनाव होगा जहां कुल 54 उम्मीदवार मैदान में हैं। बिहार की अररिया, सुपौल, झंझारपुर, मधेपुरा और खगड़िया सीट पर मतदान होगा, जो फिलहाल सत्तारूढ़ राजग के पास हैं। तीसरे चरण में जिन तीन सीट पर मतदान होना है उनमें से तीन, सुपौल, झंझारपुर और मधेपुरा, वर्तमान में जद (यू) के कब्जे में हैं, जिसने इन सीट पर संबंधित मौजूदा सांसदों को टिकट दिया है। अररिया और खगड़िया सीट चिराग पासवान की अगुवाई वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के खाते में चली गई हैं. राजद नेता तेजस्वी यादव ने खगड़िया और झंझारपुर सहित सभी पांच सीट के लिए गहन प्रचार किया लेकिन इन सीट पर उनकी पार्टी चुनाव नहीं लड़ रही है.
असम की 4 सीटों पर जनता करेगी वोट का चोट
असम में तीसरे चरण में चार सीट- धुबरी, बारपेटा, कोकराझार (एसटी) और गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान के साथ ही राज्य की सभी 14 सीट के लिए मतदान संपन्न हो जाएगा। असम में बारपेटा सीट से सबसे अधिक 14 उम्मीदवार हैं, जबकि गुवाहाटी सीट से सबसे कम आठ उम्मीदवार हैं। गुवाहाटी में भाजपा की बिजुली कलिता मेधी और कांग्रेस उम्मीदवार मीरा बोरठाकुर गोस्वामी के बीच सीधा मुकाबला है, दोनों पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रही हैं।
BSNL’s New ₹1 Plan: Unlimited Calling and 2GB Data at Unbelievable Price – Full Details Here
August 02, 2025New Ayushman Card List Released: Check Your Name Online for All States Including UP & Bihar
August 25, 2025