लोकसभा का चुनावी रण तैयार हो चुका है। 19 अप्रैल से शुरू हो रहे लोकसभा चुनाव 2024 के लिए हर पार्टी ने अपनी कमर कस ली है। 7 चरणों में होने वाले आम चुनावों के लिए प्रत्याशियों के नामांकन प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोगों का अभिवादन स्वीकारते हुए नामांकन कर रहे हैं। देशभर की 543 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। हर बार के चुनावों की तरह इस बार के चुनावों में भी उत्तर प्रदेश की सीटों की अहम भूमिका होगी। उत्तर प्रदेश में वोटिंग सातों चरणों में होगी और इस दौरान 80 सीटों पर कैंडिडेट की किस्मत का फैसला होगा। वहीं अगर बात करें गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट की तो इस सीट पर दूसरे चरण में 26 अप्रैल को वोट पड़ने वाले हैं।
हैट्रिक लगाने को जी-तोड़ मेहनत कर रहे डॉक्टर महेश शर्मा
गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट से बीजेपी ने एक बार फिर मौजूदा सांसद डॉ. महेश शर्मा पर अपना दांव लगाया है। तो वहीं डॉक्टर महेश शर्मा भी पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। महेश शर्मा गली-मोहल्लों में अक्सर पार्टी का प्रचार कर रहे हैं। महेश शर्मा इस बार हैट्रिक लगाने के लिए जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं। सपा-कांग्रेस गठबंधन ने डॉ. महेंद्र नागर को चुनाव में खड़ा किया है। वहीं बसपा ने राजेंद्र सोलंकी को उम्मीदवार बनाया है। तीनों प्रत्याशी अपना नामांकन फाइल कर चुके हैं। सोलंकी ने इस साल फरवरी में ही बसपा का हाथ थामा है। जबकि नेशनल पार्टी ने किशोर सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। आपको बता दें कि गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट से 34 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए थे, जिनमें से 19 प्रत्याशियों के पर्चे जिला प्रशासन ने जांच के बाद निरस्त कर दिए। अब गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट से 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
2008 में अस्तित्व में आई थी गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट
गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट 2008 में अस्तित्व में आई थी। इसके तहत दो जिले गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर आते हैं। गौतमबुद्ध नगर जिले में 3 विधानसभा क्षेत्र आते हैं- नोएडा, जेवर ओर दादरी। वहीं बुलंदशहर जिले में 2 विधानसभा क्षेत्र सिकंदराबाद और खुर्जा आते हैं। गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट से वर्तमान सांसद बीजेपी के डॉ. महेश शर्मा है। साल 2019 के आम चुनावों में उन्हें 8,30,812 वोट मिले थे। जबकि उनके करीबी प्रतिद्वंदी बसपा के सतवीर नागर थे, जिन्हें 4,93,890 वोट मिले थे। वहीं कांग्रेस के डॉ. अरविंद कुमार सिंह को 42,077 वोटों से ही संतोष करना पड़ा था।
गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट में 26 लाख से अधिक मतदाता
गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट के इतिहास पर नजर डालें तो साल 2009 में इस सीट पर बहुजन समाज पार्टी ने कब्जा जमाया था। पार्टी के सुरेंद्र सिंह नागर विजयी हुए थे और बीजेपी के डॉ. महेश शर्मा निकटतम प्रतिद्वंदी रहे थे। वहीं 2014 के चुनावों में बीजेपी से डॉ. महेश शर्मा की जीत हुई थी। उस वक्त समाजवादी पार्टी के नरेंद्र भाटी निकटतम प्रतिद्वंदी साबित हुए थे। वहीं पहली बार 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार केंद्र की सत्ता में आने पर महेश शर्मा को केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति राज्यमंत्री बनाया गया था। हालांकि 2019 में उन्हें केंद्रीय मंत्रिपरिषद में स्थान नहीं मिला। आपको बता दें कि गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट में मतदाताओं की संख्या 26 लाख से अधिक है। इनमें गुर्जर, ठाकुर, दलित, मुस्लिम और ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या अधिक है। यहां की 84 प्रतिशत आबादी हिंदू और 13 प्रतिशत जनसंख्या मुस्लिम है।
BSNL’s New ₹1 Plan: Unlimited Calling and 2GB Data at Unbelievable Price – Full Details Here
August 02, 2025New Ayushman Card List Released: Check Your Name Online for All States Including UP & Bihar
August 25, 2025